गणपति विसर्जन भी भगवान भरोसे, नदी तट पर न लाइट की व्यवस्था न गोताखोर

रायगढ़। गणेश विसर्जन के लिए हर वर्ष शहर के नदी घाटों पर नगर निगम की ओर से व्यवस्थाएं की जाती हैं, लेकिन इस वर्ष चक्रपत में व्यवस्था के नाम पर केवल नदी तक मिट्टी पाटकर ढाल बनाने के बाद ही जिम्मेदारी पूरी कर लेने के आरोप लग रहे हैं। शाम के समय गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए न तो पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही किसी आकस्मिक आपदा की स्थिति में गोताखोरों की टीम मौजूद है।
गणेश चतुर्थी पर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना के बाद तीसरे, पांचवें, सातवें और दसवें दिन प्रतिमाओं के विसर्जन की परंपरा है। ऐसे में आने वाले दिनों में नदी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी। इसके बावजूद चक्रपत नदी तट पर सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी बुनियादी व्यवस्थाओं की कमी नजर आ रही है।
मौके पर शाम के समय पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से अंधेरे में विसर्जन के दौरान परेशानी की स्थिति बन सकती है। वहीं नदी में किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल बचाव के लिए गोताखोरों की टीम की मौजूदगी भी नजर नहीं आई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच यह व्यवस्था सीधे तौर पर सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
मौके की स्थिति यह भी सवाल खड़े कर रही है कि जब विसर्जन के लिए श्रद्धालु नदी घाट पहुंचेंगे, तब उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन संभालेगा। मौके पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी नजर नहीं आए और प्रशासन की ओर से भी कोई व्यक्ति मौजूद नहीं दिखा। ऐसे में गणपति विसर्जन की तैयारियों को लेकर नगर निगम और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
व्यवस्था के नाम पर नदी तक मिट्टी पाटकर ढाल तो बना दी गई, लेकिन प्रकाश और आपातकालीन बचाव जैसी जरूरी व्यवस्थाओं का अभाव दिखाई दे रहा है। गणपति विसर्जन जैसे बड़े आयोजन में किसी अप्रिय घटना के बाद इंतजाम करने के बजाय पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।
तीसरे, पांचवें, सातवें और दसवें दिन होने वाले विसर्जन को देखते हुए नदी घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ना तय है। ऐसे में यदि समय रहते लाइटिंग, गोताखोर टीम और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी सुनिश्चित नहीं की गई तो यह लापरवाही भारी पड़ सकती है।
