Raigarh News

भारी बारिश से केलो उफान पर, शहर के कई मोहल्लों में घुसा पानी, सर्किट हाउस सहित कयाघाट रपटा डूबा  

रायगढ़।  रायगढ़ में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि केलो नदी उफान पर होने से शहर को चक्रधर नगर सहित अन्य इलाकों से जोड़ने वाला रपटा पूरी तरह पानी में डूब गया है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर रपटे के ऊपर से दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आवाजाही कर रहे हैं। स्कूलों की छुट्टी के बाद कई अभिभावक भी बच्चों को लेने-छोड़ने के दौरान इसी डूबे हुए रपटे को पार करते नजर आए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
लगातार बारिश के कारण वार्ड क्रमांक 30, 33 और 37 सहित कई मोहल्लों में पानी घरों के भीतर तक पहुंच गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गई हैं और लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
वार्ड क्रमांक 37 के मीनाबाजार क्षेत्र में भी गंभीर स्थिति सामने आई है। जानकारी के अनुसार, वहां स्थल समतलीकरण के लिए डाली गई फ्लाई ऐश तेज बारिश के पानी में बह गई, जिससे आसपास के मोहल्लों में गंदगी फैल गई और स्थानीय लोगों को आवागमन सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने इस मामले में स्थायी समाधान की मांग की है। शहर में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने लगभग दो दर्जन कर्मचारियों की टीम तैनात की है। सूचना मिलते ही निगम की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पानी निकासी और राहत कार्य में जुट रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button