spot_img

Latest Posts

कुल उत्सव 2026 में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, नृत्य, भाषण और चित्रकला में हुए मुकाबले

रायगढ़। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में ‘कुल उत्सव’ 2026 के अंतर्गत सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना रहा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. तरुण धर दीवान, उपकुलसचिव शैलेन्द्र दुबे और आयोजन करने वाले महाविद्यालयों के प्राचार्यों का संरक्षण रहा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सृजनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिला।

समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय पी.डी. महाविद्यालय, रायगढ़ में किया गया। इसमें शासकीय महाविद्यालय कुसमुरा, रायगढ़ ने प्रथम स्थान हासिल किया। डॉ. भवरसिंह पोर्ते महाविद्यालय, घरघोड़ा दूसरे और शासकीय क्रांतिकुमार भारतीय महाविद्यालय, सक्ती तीसरे स्थान पर रहा।

निबंध प्रतियोगिता में डॉ. भवरसिंह पोर्ते महाविद्यालय, घरघोड़ा के रूपनारायण राठिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय महाविद्यालय, घरघोड़ा की सुनंदा राठिया दूसरे और लोचन प्रसाद पाण्डेय शासकीय महाविद्यालय, सारंगढ़ के कृष्णा तीसरे स्थान पर रहे।

चित्रकला प्रतियोगिता में जे.व्ही.जी. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रायगढ़ की मेघा साहू ने प्रथम स्थान हासिल किया। कोणार्क शिक्षा महाविद्यालय, खोखरा की शुभांगी रात्रे दूसरे और श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय, बनाहील, अकलतरा की आयुषी साहू तीसरे स्थान पर रहीं।

भाषण प्रतियोगिता के परिणामों में जाज्वल्यदेव कन्या महाविद्यालय, जांजगीर की रूची दहरिया ने पहला स्थान प्राप्त किया। शासकीय महाविद्यालय, जैजैपुर की ममता साहु दूसरे और शासकीय संत गहिरा गुरु रामेश्वरम महाविद्यालय, लैलूंगा की संतोषी चौहान तीसरे स्थान पर रहीं।

विश्वविद्यालय के अनुसार, सभी विजयी प्रतिभागियों को ‘कुल उत्सव’ के पुरस्कार वितरण समारोह में प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सहयोग दिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, अन्य प्रतिभागियों से सीखने और विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss