रायगढ़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ रॉयल की ओर से 19 अक्टूबर को होटल श्रेष्ठा में ‘रॉयल गरबा 2026’ का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में गरबा, डांडिया, लाइव म्यूजिक और विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में बॉलीवुड गायिका रुपाली जग्गा और मुंबई की डीजे सोनल अपनी प्रस्तुतियां देंगी। आयोजन को लेकर क्लब के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
कार्यक्रम के प्रोग्राम डायरेक्टर सुशील रामदास अग्रवाल, प्रोग्राम चेयरमैन आशीष महमिया, क्लब अध्यक्ष संतोष अग्रवाल और सचिव अंकित कलानोरिया ने बताया कि इस वर्ष आयोजन में संगीत और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है। रुपाली जग्गा अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी, जबकि डीजे सोनल डिस्को डांडिया की प्रस्तुति देंगी। दास साउंड के साथ लाइव म्यूजिक और एंकर शिवम की मंच संचालन शैली भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी।
आयोजकों ने बताया कि लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार के रूप में इलेक्ट्रिक स्कूटर और द्वितीय पुरस्कार के रूप में डायमंड रिंग रखी गई है। इसके अलावा गरबा और डांडिया प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री फूड की व्यवस्था रहेगी और विशेष फूड काउंटर लगाए जाएंगे।
प्रतियोगिताओं में ग्रुप और सोलो दोनों श्रेणियों के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। ग्रुप श्रेणी में बेस्ट रॉयल ग्रुप प्रथम और द्वितीय, बेस्ट रॉयल थीम तथा बेस्ट ड्रेसअप के पुरस्कार दिए जाएंगे। सोलो श्रेणी में रॉयल डांडिया किंग, रॉयल डांडिया क्वीन, रॉयल एनर्जेटिक किंग और रॉयल एनर्जेटिक क्वीन चुने जाएंगे। रॉयल कपल और 8 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए बेस्ट रॉयल किड्स प्रतियोगिता भी होगी।
प्रतिभागियों का मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न शहरों से जूरी सदस्य आमंत्रित किए गए हैं। इनमें हरपाल रूपरा, नेहा जैन, शीतल गोयल, प्रियंका गुप्ता, अनीता अग्रवाल और रुचि मग्गू शामिल हैं।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी शामिल होंगे। सम्मानित अतिथियों में डीजी रोटे आलम सिंह रूपरा और रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। क्लब के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक गरबा, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक उत्सव की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम की जानकारी के लिए 8770958817, 9243207240 और 9131130484 पर संपर्क किया जा सकता है।

