spot_img

Latest Posts

हनुमान जी हमर केलो मैया ला बचा लो’, प्रदूषण के खिलाफ आठवें सप्ताह भी जारी रही प्रार्थना

रायगढ़। केलो नदी के प्रदूषण और शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर ‘रायगढ़ बचाओ–लड़ेंगे रायगढ़’ की ओर से चलाया जा रहा श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं प्रार्थना कार्यक्रम लगातार आठवें सप्ताह भी जारी रहा। मंगलवार, 13 अक्टूबर को बेलादुला क्षेत्र के लोगों ने नीलमाधव मंदिर के पास स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में एकत्र होकर श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया और केलो नदी को प्रदूषण से बचाने तथा शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने केलो नदी में औद्योगिक अपशिष्ट से हो रहे प्रदूषण को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि नदी के प्रदूषण को रोकने के लिए प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता है। ‘हमर केलो मैया ला बचा लो’ के संदेश के साथ लोगों ने रायगढ़ की जलसंपदा और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।

‘रायगढ़ बचाओ–लड़ेंगे रायगढ़’ के विनय शुक्ला ने बताया कि पिछले महीने से शहर के अलग-अलग हनुमान मंदिरों में लगातार श्री हनुमान चालीसा पाठ और प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 अक्टूबर को शाम छह बजे बेलादुला के निवासियों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर सामूहिक रूप से प्रार्थना की। कार्यक्रम का उद्देश्य रायगढ़ को प्रदूषण से बचाने और नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से उठाना है।

इस अवसर पर मनोज पटनायक, प्रदीप मिश्रा, समयलाल यादव, रूपेश हजारे, आनंद यादव, शुभम केसरवानी, अमित पटनायक, मोहित राम यादव, चंद्रसेन यादव, अंशुमन साहू, साहिल साहू, नरेश शर्मा, प्रदीप यादव, देवप्रकाश जायसवाल, सुरेश यादव, अर्पित गुप्ता, कन्हैया यादव, सन्नीराम कंवर, सावन महंत, सौदामिनी मिश्रा, ज्योति सिदार, सावित्री सिदार, रामा राव, गुड्डा यादव और अनिल चीकू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने हाथ जोड़कर श्री हनुमान जी से रायगढ़ और केलो नदी की रक्षा की प्रार्थना की।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss