रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ में गुरु दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने गुरु पीठ आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने आश्रम में अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम जी के दर्शन भी किए और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, लोक सभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष खरसिया कमल गर्ग, अरूणधर दीवान, गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, विजय अग्रवाल, सुभाष पाण्डेय, रत्थू गुप्ता, अरूण कातोरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
आध्यात्मिक मूल्यों एवं संस्कारों की पाठशाला

छत्तीसगढ़ में अघोर पंथ का बीजारोपण करने वाले पूज्य अघोरेश्वर के शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के कर कमलों से तीन दशक पहले रायगढ़ के पूर्वांचल स्थित ग्राम बनोरा में इस ट्रस्ट की नींव रखी गई तब से लेकर आज तक यह ट्रस्ट राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। आध्यात्मिक मूल्यों एवं संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा की स्थापना तीन दशक पहले की गई। अघोरेश्वर महाप्रभु ने समाज के विकास की अवधारणाओं का सूत्रपात किया। अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रियतम शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम जी ने बनोरा से जुड़ी अन्य शाखाओं सहित अन्य प्रांतों में भी विस्तार किया।
बनोरा से जुड़ी सभी शाखाओं में मानव सेवी गतिविधियां निरंतर संचालित हो रही हैं। बनोरा ट्रस्ट से जुड़ी सभी शाखाएं आसपास क्षेत्र के मौजूद जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को जीवन की मूलभूत आवश्यकता शिक्षा, चिकित्सा और आध्यात्मिक मूल्यों की सीख देकर समाज कल्याण के लिए क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने पंगत में बैठकर भंडारा प्रसाद ग्रहण किया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले के बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय में गुरु के दर्शन के पश्चात गुरु दर्शन के लिए आए सारे लोगों के बीच पंगत में बैठकर भंडारा प्रसाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी, लोक सभा सांसद राधे श्याम राठिया, राज्य सभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में आमजनों ने भी भंडारा प्रसाद ग्रहण किया।