रायगढ़ विधायक के अलावा जिला महामंत्री को अहम जिम्मेदारी
Raigarh News: छत्तीसगढ़ की सत्ता में लौटने के बाद भाजपा के हौसले बुलंद हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राज्य की कमान सौंप कर भाजपा ने आदिवासी समुदाय को बड़ा संदेश दिया है। झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ भाजपा खासा उत्साहित है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य झारखंड में कमल खिलाने भाजपा पूरी रणनीति के साथ जुट गई है। छत्तीसगढ़ के तमाम भाजपा नेताओं को झारखंड विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है।

बताया जाता है कि रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को झारखंड चुनाव के लिए हजारीबाग और रामगढ़ जिले का सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। जहां भाजपा चुनावी तैयारी में जुट गई है। रायगढ़ जिला भाजपा महामंत्री अरूणधर दीवान को हजारीबाग जिला के मांडू विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है। जिससे अरूणधर दीवान ने इस विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। बताया जाता है कि मांडू विधानसभा से भाजपा के विधायक रहे जय प्रकाश ने पार्टी छोड़ कर कांग्रेस प्रवेश कर लिया है। जिससे भाजपा इस सीट को बेहद अहम मान रही है।और यही वजह है कि फिर से इस सीट पर कमल खिलाने बेहद सधी हुई रणनीति के साथ भाजपा यहां चुनावी तैयारी में जुट गई है।

नेतृत्व क्षमता में विस्तार की रणनीति
चुनावी जिम्मेदारी मिलने के साथ ही रायगढ़ जिले के महामंत्री अरूणधर दीवान झारखंड की इस सीट को लेकर बेहद गंभीर है। इस विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रणनीति के साथ काम कर रहे हैं। पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं।स्थानीय रणनीति बना कर भाजपा की विकासवादी सोच को आम जनता तक पहुंचाने में जुटे हैं। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो भाजपा छत्तीसगढ़ के दूसरी पंक्ति के युवा नेताओं को झारखंड विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी सौंप कर उनमें नेतृत्व क्षमता का विस्तार करना चाह रही है।
