पटवारियों पर दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने उठाई आवाज, सरकार से की संवाद की मांग
पटवारियों पर दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने उठाई आवाज, सरकार से की संवाद की मांग
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के शांतिपूर्ण हड़ताल पर बैठे पटवारियों के विरुद्ध की जा रही दमनात्मक कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने कड़ा विरोध जताया है।
संघ के जिला अध्यक्ष फकीरा यादव, कार्यकारी अध्यक्ष लोकेंद्र नाथ पटेल, सचिव नन्द कुमार बंजारे, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार महेश,महामंत्री संदीप मिंज, संगठन मंत्री शिव बघेल, चेतन पटेल (पेंशनर्स संघ)जिला प्रवक्ता महिला श्रीमती कामिनी डनसेना, श्रीमती ऊषा बंजारे,राकेश पटेल के नेतृत्व के में मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री एवं मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन के नाम डिप्टी कलेक्टर सिन्हा जी सारंगढ़-बिलाईगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राजस्व पटवारी संघ के कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 13 अक्टूबर 2026 से शांतिपूर्ण ढंग से हड़ताल पर हैं। संघ का कहना है कि शासन स्तर पर संवाद के माध्यम से उनकी मांगों का सकारात्मक निराकरण करने के बजाय हड़ताली पटवारियों के विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जो उचित नहीं है।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने शासन से मांग की है कि हड़ताली पटवारियों पर की जा रही दमनात्मक कार्रवाई तत्काल रोकी जाए तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाए।
संघ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निराकरण होना चाहिए, ताकि शासन और कर्मचारी जगत के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास का वातावरण बना रहे।
इस अवसर पर जिला एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
