पीएम आवास में सुदर्शन ने इस बार परिवार संग मनाई हर्षोल्लास से दिवाली, वर्षों पुराना पक्के घर का सपना हुआ साकार
कच्चे छप्पर की परेशानियों से मिली मुक्ति, पीएम आवास ने परिवार को दिया सुरक्षित और सम्मानजनक आशियाना

रायगढ़, 12 नवम्बर 2026/ किसी परिवार के लिए दीपावली की खुशियां तब और खास हो जाती हैं, जब वर्षों का सपना हकीकत में बदल जाए। कभी कच्चे छप्पर से टपकती बारिश की बूंदों के बीच जीवन गुजारने वाले रायगढ़ जिले की ग्राम पंचायत ननसिया निवासी सुदर्शन चक्रपाणी के परिवार के लिए इस बार की दीपावली कुछ ऐसी ही यादगार बन गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के बाद सुदर्शन ने इस बार अपने परिवार के साथ नए आशियाने में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया। जिस घर की मजबूत छत का सपना उन्होंने वर्षों से देखा था, उसी छत के नीचे परिवार के साथ दीप जलाना उनके लिए किसी बड़ी खुशी से कम नहीं रहा।
सुदर्शन चक्रपाणी के लिए पहले बरसात का मौसम किसी चुनौती से कम नहीं था। कच्चे छप्पर से बने मकान में बारिश होते ही छत से पानी टपकने लगता था। घर के भीतर पानी से बचने के लिए इधर-उधर बर्तन रखने पड़ते थे। परिवार को हर समय इस बात की चिंता रहती थी कि कहीं तेज बारिश और आंधी में मकान को नुकसान न पहुंच जाए। त्योहारों के अवसर पर भी कच्चे मकान की परेशानियां परिवार की खुशियों को प्रभावित करती थीं। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनवाना उनके लिए आसान नहीं था और यह सपना लंबे समय तक अधूरा रहा। तभी प्रधानमंत्री आवास योजना ने सुदर्शन के इस अधूरे सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। योजना के तहत पक्का मकान मिलने से उनके परिवार को न केवल मजबूत छत मिली, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी मिला। अब बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने की चिंता नहीं रहती और परिवार अपने घर में सुकून के साथ रह रहा है।
नए आशियाने में दीप जलाकर मनाई खुशियों की दिवाली
इस बार सुदर्शन चकरा के परिवार के लिए दीपावली का उत्साह कुछ अलग ही था। पहले जहां कच्चे मकान में रहते हुए परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं इस बार अपने पक्के घर में दीपावली मनाने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। परिवार ने अपने नए घर को दीपों और रोशनी से सजाया। घर के आंगन में दीप जलाए और सभी सदस्यों ने मिलकर हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाया। वर्षों से देखा गया पक्के घर का सपना जब पूरा हुआ, तो इस दीपावली की खुशियां भी दोगुनी हो गईं।
अपनी खुशी जाहिर करते हुए सुदर्शन ने बताया कि पहले कच्चे मकान में रहते हुए हमेशा चिंता बनी रहती थी। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता था और परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पक्का मकान बन जाने से उनकी सारी चिंताएं दूर हो गई हैं। उन्होंने बताया कि इस बार अपने नए पक्के घर में परिवार के साथ दीपावली मनाकर उन्हें बेहद खुशी हुई। सुदर्शन ने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को सुरक्षित और बेहतर जीवन की नई शुरुआत दी है।
पक्की छत के साथ परिवार को मिला सुरक्षा और सम्मान का एहसास
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रही है। योजना से मिलने वाला पक्का आवास किसी परिवार के लिए केवल ईंट और सीमेंट से बना मकान नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद है। सुदर्शन के परिवार की बदली हुई जिंदगी इसी बदलाव की एक सुखद तस्वीर पेश करती है। कभी बारिश में छप्पर से टपकती बूंदों के बीच गुजरने वाली रातें अब बीते दिनों की बात हो गई हैं। इस बार उनके घर में दीपावली के दीपों के साथ खुशियों की नई रोशनी भी जली। सुदर्शन और उनके परिवार के लिए यह दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि वर्षों पुराने सपने के साकार होने और नए जीवन की शुरुआत का यादगार अवसर बन गई।
