CG NewsRaigarh Newsरायगढ़

Raigarh News : महलोई का शासकीय स्कूल अब बनेगा मॉडल स्कूल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया भूमिपूजन

वित्त मंत्री ने बच्चों से संवाद करते हुए दिया सफलता का मंत्र

रायगढ़।  रायगढ़ जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महलोई को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किए जाने हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने भूमिपूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की। कार्यक्रम में पहुंचते ही स्कूली छात्राओं ने फूलों से मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। छात्राओं से संवाद करते हुए ओपी चौधरी ने उन्हें शिक्षा के महत्व को समझाया और अपने ज्ञान और कौशल को सही दिशा में उपयोग करने की प्रेरणा दी। वित्त मंत्री ने बच्चों से संवाद करते हुए सफलता का मंत्र दिया।

बच्चों से बातचीत के दौरान ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को बदलने की सबसे बड़ी ताकत है। गांव का बच्चा भी अगर मन लगाकर पढ़े, तो वह बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी शहर जैसी सुविधाएं मिलें, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े। मॉडल स्कूल का लाभ बताते हुए उन्होंने कहा महलोई स्कूल के मॉडल स्कूल बनने से विद्यार्थियों को बहुत सी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

मॉडल स्कूल बनते ही बेहतर और आधुनिक कक्षाएं मिलेगी। जिसमें स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ साथ पुस्तकालय और प्रयोगशाला का उन्नयन होगा।खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यतिगत उपलब्धि के लिए अधिक अवसर मिलेंगे।

इस दौरान ग्रामीणों में जबरजस्त उत्साह देखने को मिला।भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि महलोई स्कूल के मॉडल स्कूल बनने से आसपास के दर्जनों गांव के बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा। अब बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

इस निर्णय से ग्रामीण स्कूल के बच्चे उज्ज्वल भविष्य की ओर बड़ा कदम बढ़ा पाएंगे। ओपी चौधरी ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक होगी। मॉडल स्कूल सिर्फ एक भवन नहीं होगा, बल्कि यह बच्चों के सपनों को पंख देने वाला केंद्र होगा। ग्रामीणों और शिक्षकों ने इस सार्थक पहल हेतु वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button