छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ग्रेड पे और वेतनमान में सुधार की मांग को लेकर नर्सिंग स्टाफ ने आंदोलन तेज कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शुक्रवार और शनिवार को सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से अंबेडकर चौक तक स्कूटी रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर 18 नवंबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
शनिवार सुबह 11 बजे नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य काम का बहिष्कार कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने ग्रेड पे और वेतनमान में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन के खिलाफ नारे लगाए गए। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
एसोसिएशन के सदस्यों के मुताबिक, शुक्रवार को भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया था। शनिवार को दूसरे दिन आंदोलन जारी रखते हुए कर्मचारियों ने रैली निकालने का फैसला किया। उनका कहना है कि लंबे समय से मांग लंबित रहने के कारण अब आंदोलन को आगे बढ़ाया जा रहा है।
नर्सिंग स्टाफ की स्कूटी रैली मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से शुरू हुई। रैली अतरमुड़ा होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। इसके बाद सभी वापस मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर लौटे, जहां रैली का समापन हुआ। रैली के दौरान कर्मचारी रास्तेभर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि ग्रेड पे और वेतनमान में सुधार की मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 18 नवंबर से प्रदेश स्तर पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

