spot_img

Latest Posts

पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास बरमकेला में अव्यवस्थाओं पर विधायक उत्तरी जांगड़े ने जताई नाराजगी

पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास बरमकेला में अव्यवस्थाओं पर विधायक उत्तरी जांगड़े ने जताई नाराजगी

औचक निरीक्षण में खुली व्यवस्थाओं की पोल, एक साल से छात्राओं को सैनिटरी पैड नहीं मिलने का मामला सामने आया

बरमकेला। पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास बरमकेला में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने गंभीर नाराजगी जताई है। विधायक ने छात्रावास का औचक निरीक्षण कर छात्राओं से सीधे बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने बताया कि उन्हें करीब एक वर्ष से सैनिटरी पैड उपलब्ध नहीं कराया गया है। छात्राओं की स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी इतनी महत्वपूर्ण आवश्यकता की लंबे समय से अनदेखी किए जाने पर विधायक ने संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर चिंता व्यक्त की और आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की बात कही।
विधायक के निरीक्षण में यह भी सामने आया कि छात्रावास में स्टॉक पंजी का नियमित संधारण नहीं किया जा रहा है। ऐसे में यह स्पष्ट करना मुश्किल है कि जिला कार्यालय से छात्रावास के लिए कौन-कौन सी सामग्री, कितनी मात्रा में और कब उपलब्ध कराई गई। उपलब्ध सामग्री का उचित रिकॉर्ड नहीं होने से उसकी वास्तविक स्थिति और उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।
इसी प्रकार छात्रावास में चावल के आवंटन एवं खपत का मेंटेनेंस रजिस्टर भी संधारित नहीं किए जाने की बात सामने आई। इससे छात्रावास को प्राप्त चावल की मात्रा, प्रतिदिन अथवा प्रतिमाह की खपत तथा शेष स्टॉक का वास्तविक हिसाब स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राएं शासन की जिम्मेदारी हैं और उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता। छात्राओं की स्वच्छता, भोजन, सुरक्षा और आवश्यक सामग्री की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि संबंधित अधिकारी नियमित रूप से छात्रावासों का निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लें, तो ऐसी कमियां लंबे समय तक बनी नहीं रह सकतीं। उन्होंने कहा कि केवल कागजों में निरीक्षण और व्यवस्था सुनिश्चित करने के बजाय मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति देखना आवश्यक है।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से छात्रावास की स्टॉक पंजी, चावल आवंटन एवं खपत रजिस्टर, खाद्यान्न सहित अन्य सामग्रियों के रिकॉर्ड की जांच कराने तथा छात्राओं को सैनिटरी पैड एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि विधायक उत्तरी जांगड़े द्वारा क्षेत्र के विभिन्न छात्रावासों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इन निरीक्षणों के दौरान सामने आ रही खामियों से छात्रावासों की व्यवस्थाओं और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss