spot_img

Latest Posts

Raigarh News : महलोई के विद्यार्थियों को मिली शिक्षा की नई उड़ान ; एनटीपीसी लारा ने वितरित किए स्टडी टेबल, स्टेशनरी- खेल सामग्री एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें

महलोई-रायगढ़। एनटीपीसी लारा द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महलोई में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुभाष ठाकुर, प्रमुख परियोजना (HOP), एनटीपीसी लारा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जाकिर खान, एजीएम (एचआर) सहित विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टडी टेबल, स्टेशनरी सामग्री, खेल किट तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी पुस्तकें वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुभाष ठाकुर ने महलोई की तीन बेटियों की उपलब्धि की सराहना की, जिन्होंने गांव से निकलकर मलेशिया में आयोजित लैक्रोस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि इन बेटियों की उपलब्धि न केवल महलोई गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र और देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। महलोई की बेटियों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है और यह संदेश देती है कि लगन एवं मेहनत के साथ बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

एनटीपीसी लारा की यह पहल शिक्षा, खेल और युवा प्रतिभाओं के समग्र विकास के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने, नए अवसरों का लाभ उठाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss