कई उच्च स्तरीय मेडिकल टेस्ट की सुविधा अब होगी सारंगढ में ही उपलब्ध, अटल आरोग्य लैब का जिला चिकित्सालय में हुआ उद्घाटन
कई उच्च स्तरीय मेडिकल टेस्ट की सुविधा अब होगी सारंगढ में ही उपलब्ध, अटल आरोग्य लैब का जिला चिकित्सालय में हुआ उद्घाटन
सारंगढ आज जिला चिकित्सालय में अटल आरोग्य लैब का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल विधायक उत्तरी जांगडे मण्डल अध्यक्ष जय बानी ,पार्षद सरिता गोपाल अविनाश पूरी गोस्वामी सीएमएचओ डॉ पुष्पेद्रं वैष्णव सहित अन्य कई गणमान्य नागरिकों व स्टाफ गणों की उपस्थिति रही । यह लैब पूरी तरह डिजिटल एवं आधुनिक तकनीक से लैस है। यहां अत्याधुनिक ऑटोमैटिक मशीनों के माध्यम से रक्त, मूत्र, बायोकेमिकल, हार्मोनल सहित विभिन्न प्रकार की जांचें सटीकता और कम समय में की जाएंगी। जांच रिपोर्ट मरीजों को उनके मोबाइल पर डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यकतानुसार प्रिंट कॉपी भी प्रदान की जाएगी। इससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और समयबद्ध बनेगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार हो रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी गरीब या ग्रामीण नागरिक को उपचार और जांच सुविधाओं के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से अब जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को भी महानगरों जैसी आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने लैब का निरीक्षण कर मशीनों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और उपकरणों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस सुविधा को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए शासन और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। अटल आरोग्य लैब के शुभारंभ के साथ ही सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का एक नया अध्याय शुरू हो गया है, जिससे हजारों मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
